डलमऊ (रायबरेली)। बाल दिवस के अवसर पर पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय अल्हौरा में बच्चों के लिए विविध रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता से हुई, जिसमें प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। विद्यालय में लगे बाल मेले में भी बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों में लोकतांत्रिक समझ विकसित करने के उद्देश्य से बाल संसद का गठन किया गया तथा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। बाल संसद प्रमुख शिक्षक कीर्ति मनोहर शुक्ला ने बताया कि प्रधानमंत्री पद का चयन विद्यालय के सभी बच्चों द्वारा मतदान के माध्यम से किया गया, जिसमें कक्षा 8 की छात्रा अंशिका रावत विद्यालय की ‘प्रधानमंत्री’ चुनी गईं। वहीं शिवांश को उपप्रधानमंत्री बनाया गया तथा संपूर्ण कैबिनेट का गठन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी अजय सिंह उपस्थित रहे। उनके पुत्र अनुष्ठान सिंह जहाजी द्वारा विद्यालय को 15 कुर्सियों का योगदान दिया गया, जिसके लिए विद्यालय परिवार ने आभार व्यक्त किया। विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक लाल बहादुर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष एवं प्रधानाध्यापक योगेश सिंह ने सभी सहयोगियों व अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुगंधा श्रीवास्तव, अंजू यादव, संतोष कुमार, सपना, सुनील कुमार, मिथिलेश कुमारी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।
बाल दिवस पर पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय अल्हौरा में विविध कार्यक्रम, बाल संसद कैबिनेट का गठन
