डलमऊ (रायबरेली)।
ब्लॉक संसाधन केंद्र डलमऊ में मीना मंच सुगमकर्ताओं की दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ के निर्देश पर किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह के मार्गदर्शन एवं खंड शिक्षा अधिकारी नंदलाल रजक के निर्देशन में हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य ‘सेल्फ एस्टीम’ के तहत पावर एंजेल के सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण प्राप्त सुगमकर्ता अपने-अपने उच्च प्राथमिक, कंपोजिट एवं कस्तूरबा विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को सशक्त एवं मुखर बनाने की दिशा में कार्य करें।खंड शिक्षा अधिकारी नंदलाल रजक ने सुगमकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश से आने वाली बालिकाओं को मीना मंच के माध्यम से आत्मविश्वासी, सहज और निडर बनाया जाए। बालिका शिक्षा रिसोर्स पर्सन एवं मीना मंच प्रभारी एस.एस. पांडे ने बताया कि राज्य परियोजना के निर्देशानुसार प्रत्येक शनिवार को उच्च प्राथमिक, कंपोजिट एवं कस्तूरबा विद्यालयों में मीना मंच की गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जा रहा है। मास्टर ट्रेनर सुनीति सिंह एवं राजलक्ष्मी वर्मा ने प्रतिभागियों को मीना मंच को सक्रिय और गतिशील बनाए रखने, बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता एवं निर्णय लेने की योग्यता विकसित करने तथा अपनी बात खुलकर रखने के लिए प्रेरित करने के तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में ब्लॉक नोडल रश्मि श्रीवास्तव सहित सभी प्रतिभागियों ने मीना मंच को और अधिक प्रभावी व रोचक बनाने के सुझाव भी दिए। अंत में खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा उपस्थित प्रतिभागियों एवं मास्टर ट्रेनरों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए।
डलमऊ बीआरसी में मीना मंच सुगमकर्ताओं की दो दिवसीय कार्यशाला संपन्न
