डलमऊ (रायबरेली)। नगर पंचायत डलमऊ के अध्यक्ष पंडित बृजेश दत्त गौड़ ने नववर्ष 2026 की शुरुआत जनहित के मुद्दों को सीधे प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों तक पहुंचाकर की। उन्होंने जनपद रायबरेली की जिलाधिकारी हर्षिता माथुर एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह से शिष्टाचार मुलाकात कर नए साल की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।मुलाकात के दौरान पं. बृजेश दत्त गौड़ ने जिलाधिकारी के समक्ष कस्बा डलमऊ के मुराईबाग क्षेत्र में बाईपास निर्माण कराए जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बाईपास बनने से जाम की समस्या से निजात मिलेगी और कस्बे के विकास को नई गति मिलेगी।वहीं पुलिस अधीक्षक से उन्होंने डलमऊ में फायर ब्रिगेड की स्थापना की मांग रखते हुए कहा कि आगजनी व अन्य आपात स्थितियों में यह सुविधा क्षेत्रवासियों के लिए जीवन रक्षक सिद्ध होगी।अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि डलमऊ के विकास और जनता की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशासन से दोनों मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई।
नए साल में डलमऊ को सौगात की उम्मीद, अध्यक्ष ने उठाए अहम मुद्दे
