ऊंचाहार (रायबरेली)। रायबरेली के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पट्टी रहस कैथवल गांव में 13 वर्षीय किशोर ने अपने बड़े भाई से मामूली कहासुनी के बाद फांसी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, मृतक अनिकेत पुत्र संतलाल (उम्र 13 वर्ष) का घर में किसी बात को लेकर अपने बड़े भाई से विवाद हो गया था। बात इतनी बढ़ी नहीं थी, लेकिन तकरार के कुछ ही देर बाद अनिकेत ने संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने जब अनिकेत को फंदे से लटका देखा तो उनके पैरों तले ज़मीन खिसक गई। बिना देर किए परिजनों ने उसे नीचे उतारा और बाइक से ऊंचाहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद अनिकेत को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि परिवार इस अचानक हुए हादसे से पूरी तरह टूट चुका है।
13 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर दी जान, मामूली कहासुनी बनी मौत की वजह; परिवार में कोहराम
